हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद
बलिया। थाना बांसडीह पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के नेतृत्व में पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बांसडीह में मुकदमा संख्या 266/2026 के तहत धारा 352/109(1) बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी मामले में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त मेराज पुत्र मुस्लिम, निवासी छोटकी सेरिया, थाना बांसडीह को थाना परिसर से रात करीब 10:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू भी बरामद किया गया।
चाकू बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 4/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया।
