गैर-इरादतन हत्या के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, हरिपुर नहर मार्ग से दबोचा गया
बलिया। जनपद में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सुखपुरा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या से संबंधित एक मुकदमे में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा के निकट पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश शर्मा के मार्गदर्शन तथा थानाध्यक्ष सुखपुरा रत्नेश कुमार दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 30 अगस्त को उपनिरीक्षक कृष्णानंद विश्वकर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में अपराधियों की तलाश और वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ में जुटे थे। इसी दौरान पुलिस टीम सुखपुरा चौराहे पर मौजूद थी कि मुखबिर खास से सूचना मिली कि गैर-इरादतन हत्या से संबंधित मुकदमे में वांछित अभियुक्त हरिपुर नहर मार्ग के आसपास मौजूद है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने ब्रह्माईन डेरा निवासी रामाशीष यादव उर्फ मुलायम पुत्र स्वर्गीय रामाधार यादव को हरिपुर नहर मार्ग के पास से करीब सुबह 10:55 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त थाना सुखपुरा में दर्ज मुकदमा संख्या 202/2026 में धारा 115(2), 352 और 105 बीएनएस के तहत वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे थाने लेकर आई, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
