पूर्व कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने विधायक उमाशंकर सिंह को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक उमाशंकर सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे समाज और प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह का जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय से विशेष लगाव था। कुलपति रहते हुए विश्वविद्यालय की आवश्यकता बताने पर उन्होंने बिना किसी संकोच के ट्रैक्टर और ट्रॉली दान स्वरूप उपलब्ध कराई थी। वे हमेशा कहा करते थे कि विश्वविद्यालय को जब भी आवश्यकता होगी, वे हर संभव सहयोग के लिए तैयार रहेंगे।
प्रो. गुप्ता ने कहा कि छात्र जीवन से राजनीति में सक्रिय रहे उमाशंकर सिंह ने अपना पूरा जीवन जनसेवा, सामाजिक न्याय और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। वर्ष 2012, 2017 और 2022 में लगातार तीन बार विधायक चुना जाना उनकी लोकप्रियता और जनता के विश्वास का प्रमाण है। गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के प्रति उनकी संवेदनशीलता के कारण लोग उन्हें स्नेहपूर्वक ‘रॉबिनहुड’ के नाम से पुकारते थे।
उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह का निधन केवल रसड़ा और बलिया ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके जनकल्याणकारी कार्य और मानवीय मूल्यों पर आधारित जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।