शादी में विवाद के बाद घर में घुसकर फरसे से हमला, सहतवार पुलिस ने आरोपी दबोचा
बलिया। शादी समारोह में हंसी-मजाक के दौरान शुरू हुई कहासुनी के बाद घर में घुसकर फरसे और लाठी-डंडों से हमला किए जाने के मामले में सहतवार पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आशीष तिवारी (23), पुत्र हरिशंकर तिवारी, निवासी महंगीछाप, थाना सहतवार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर की रात करीब 11 बजे शादी समारोह में दुर्गेश तिवारी और पड़ोसी रजनीश तिवारी के बीच मजाक को लेकर विवाद हो गया था। दुर्गेश घर लौट आया, लेकिन आरोप है कि कुछ देर बाद रजनीश अपने भाइयों मनीष व आशीष तथा पिता हरिशंकर के साथ हथियार और लाठी-डंडे लेकर उसके घर पहुंच गया। वहां दुर्गेश के सिर पर फरसे से हमला किया गया। बचाव के दौरान उसका हाथ भी गंभीर रूप से कट गया। मारपीट में रणजीत तिवारी और उनके पुत्र मुकेश व प्रियांशु भी घायल हुए। सभी घायलों का उपचार चल रहा है।
मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही पुलिस ने 23 नवंबर को उपनिरीक्षक रामअवध सिंह की टीम के साथ आरोपी आशीष तिवारी को सहतवार रेलवे स्टेशन मार्ग से सुबह 8:14 बजे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।





