बलिया पुलिस ने 102 गुमशुदा मोबाइल लौटाए, कीमत करीब 23 लाख रुपये
बलिया। जनपद बलिया पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 102 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये है। पुलिस ने सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा के निर्देशन में सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की पुलिस ने CEIR पोर्टल व आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से गुमशुदा मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए बलिया पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस अभियान में सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अजय साहनी समेत टीम के पुलिसकर्मियों तथा विभिन्न थानों पर CEIR पोर्टल का कार्य देख रहे कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले 5 अक्टूबर को 107 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 21.40 लाख रुपये थी, बरामद कर लौटाए गए थे। अब 23 नवंबर को 102 मोबाइल फोन की बरामदगी के साथ दोनों अभियानों में कुल 209 मोबाइल फोन, लगभग 44.40 लाख रुपये कीमत के, उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी थाने को सूचना दें।





