पूर्वांचल की राजनीति को बड़ा झटका: रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सांस, बलिया सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर
बलिया। उत्तर प्रदेश की राजनीति और बलिया जनपद के लिए बुधवार का दिन बेहद दुखद रहा। रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से लगातार विधायक रहे एवं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के वरिष्ठ नेता उमाशंकर सिंह का दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही बलिया ही नहीं, पूरे पूर्वांचल में शोक की लहर दौड़ गई। समर्थकों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में गम का माहौल है।
उमाशंकर सिंह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और दिल्ली के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की सूचना मिलते ही रसड़ा, बलिया और आसपास के जिलों से शोक संदेशों का सिलसिला शुरू हो गया।
उमाशंकर सिंह को क्षेत्र में एक जनप्रिय, सहज और विकासवादी नेता के रूप में जाना जाता था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया और सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए। यही वजह रही कि उन्होंने क्षेत्र की जनता के बीच गहरी पहचान और विश्वास कायम किया।
उनके निधन से बलिया की राजनीति में एक ऐसा शून्य पैदा हो गया है, जिसकी भरपाई आसान नहीं मानी जा रही। रसड़ा विधानसभा क्षेत्र में उनके समर्थकों की आंखें नम हैं और हर ओर शोक का माहौल है। विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार, समर्थकों और क्षेत्रवासियों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।



