पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला पति गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद
बलिया। बलिया की भीमपुरा थाना पुलिस ने पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्री दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी रसड़ा श्री रजनीश कुमार तथा थानाध्यक्ष भीमपुरा श्री रंजीत विश्वकर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति ने गाली-गलौज करते हुए बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और जान से मारने की नीयत से चाकू से गले व दाहिने हाथ की अंगुली पर वार किया। शिकायत के आधार पर थाना भीमपुरा में मु0अ0सं0-123/2026 के तहत धारा 109(1), 115(2), 351(3) व 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
डायल-112 की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी संदीप चौहान पुत्र भीमल चौहान, निवासी ग्राम केशरीपुर, थाना सुखपुरा, जनपद बलिया को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। विवेचना के दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटना में प्रयुक्त सफेद प्लास्टिक हैंडल वाला चाकू बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।



