दुष्कर्म व पॉक्सो मामले का वांछित आरोपी गिरफ्तार, फेफना पुलिस ने दबोचा
बलिया। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेफना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में थाना फेफना पुलिस ने मंगलवार सुबह कार्रवाई करते हुए इरफान पुत्र स्व. शरीफ, निवासी औंदी, थाना फेफना को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 2 जून 2026 को एक व्यक्ति ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री के लापता होने की सूचना थाना फेफना में दी थी। इस पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पीड़िता की बरामदगी, बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी इरफान का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(L)/6 की बढ़ोतरी की गई।
मंगलवार को उपनिरीक्षक सुभाष प्रसाद अपनी टीम के साथ मटिही चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पियरिया चट्टी पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर सुबह करीब 7:55 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया।

