हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया साक्ष्य
बलिया । जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेवती थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उन्हें न्यायालय भेज दिया। कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, थाना रेवती में दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे में नामजद प्रहलाद यादव निवासी शिवाल मठिया गोपाल नगर और मंटू यादव निवासी सारंगपुर (कोतवाली बांसडीह) की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने चिरैया मोड़–टी.एस. बंधा के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी प्रहलाद यादव के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।



