बेटी की चीख से खुली चोरी की पोल, भाग रहे युवक को परिवार ने दबोचा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
बलिया । जिले के फेफना थाना क्षेत्र में एक घर में चोरी करने घुसे युवक की चालाकी उस समय नाकाम हो गई, जब घर की युवती के शोर मचाने पर परिजन जाग गए। भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को परिवार ने मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार तड़के करीब 3:30 बजे की है। घर के लोग सो रहे थे, तभी खटपट की आवाज सुनाई दी। इसी बीच युवती के कमरे से “चोर-चोर” की आवाज आने पर परिजन दौड़े। आरोपी खिड़की के रास्ते फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अमित कुमार भारती निवासी मिड्ढा, थाना फेफना के रूप में हुई। उसके कब्जे से चोरी के 1,600 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने रकम को सील कर कब्जे में लिया और आरोपी के खिलाफ धारा 305 व 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत फेफना पुलिस ने की।



