POCSO केस में फरार चल रहा आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, नाबालिग को दिल्ली ले जाने का आरोप
बलिया। पुलिस ने नाबालिग के अपहरण, दुष्कर्म और POCSO एक्ट से जुड़े मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। नगरा थाना पुलिस ने आरोपी को नरही नहर पुलिया के पास से उस समय दबोचा, जब वह कहीं जाने की फिराक में खड़ा था।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव का रहने वाला शब्बीर पुत्र अकबर नाबालिग को बहला-फुसलाकर दिल्ली ले गया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं के साथ POCSO Act की गंभीर धाराएं भी जोड़ी गईं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत नगरा थाना पुलिस द्वारा की गई।



