नाबालिग को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता पहले ही हो चुकी थी बरामद
बलिया। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फेफना पुलिस ने नाबालिग किशोरी के अपहरण और पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता को पहले ही सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया जा चुका है, जबकि आरोपी को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अखिलेश चन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बहन को 7 जुलाई को रवि राजभर निवासी सुल्तानपुर (पक्काकोट), थाना फेफना बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस मामले में थाना फेफना पर मुकदमा संख्या 133/2026 धारा 87 एवं 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर उसके बयान दर्ज किए। साक्ष्यों और बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(m) बीएनएस के साथ 5L/6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं।
शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र नाथ, कांस्टेबल विक्की यादव और आरक्षी गोविन्द्र प्रजापति ने सिहाचौर मोड़ पर घेराबंदी कर आरोपी रवि राजभर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया।


