पॉक्सो और दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने दबोचा
बलिया। अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी को सहतवार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्रा तथा थानाध्यक्ष प्रशान्त कुमार चौधरी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को उपनिरीक्षक सुधाकर अपनी टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश और गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में फरार आरोपी सहतवार-सोनवानी मार्ग तिराहे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर जितेन्द्र कुमार (25 वर्ष), निवासी पहुरा हर चाचोरा उर्फ मोहनिया, थाना मदनापुर, जनपद शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना सहतवार में मुकदमा संख्या 83/2026 धारा 137(2), 87, 64(2)(m) बीएनएस तथा 5L/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।


