बातों में उलझाकर महिला के गहने और नकदी उड़ाई, CCTV में कैद हुए उचक्के
बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र में उचक्कों ने एक महिला को बातों में फंसाकर उसके सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
फेफना थाना क्षेत्र के नसीराबाद निवासी फूलवती देवी ने बताया कि एक अगस्त की दोपहर जिला चिकित्सालय से जांच कराने के बाद वह ओवरब्रिज के नीचे से चित्तू पांडेय चौराहे की ओर जा रही थीं। रास्ते में दो युवक उनसे बातचीत करते हुए साथ चलने लगे। राजपूत फिजियोथेरेपी के पास पहुंचने पर दोनों ने उन्हें बातों में उलझाकर कान के सोने के टप्स, गले का सोने का लॉकेट और पर्स में रखे 3,100 रुपये लेकर फरार हो गए।
पीड़िता के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये है। घटना की सूचना तत्काल ओक्डेनगंज पुलिस चौकी को दी गई। परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करा दी है। रविवार को पीड़िता और उसके पुत्र ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
