04 अगस्त को बलिया में लगेगा दिव्यांगजन मोबाइल कोर्ट, मौके पर होगा समस्याओं का त्वरित समाधान
बलिया। दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं का लाभ सुलभ कराने के उद्देश्य से 04 अगस्त 2026 को विकास भवन सभागार, बलिया में दिव्यांगजन मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में किया जा रहा है।
मोबाइल कोर्ट का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों को दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, विभागीय योजनाओं की जानकारी देना तथा उनकी शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से दिव्यांगजनों के साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जनपद के सभी दिव्यांगजनों से अपील की है कि यदि उन्हें दिव्यांगता प्रमाण पत्र, सरकारी योजनाओं का लाभ, पेंशन, उपकरण या अन्य किसी विभागीय समस्या का समाधान कराना हो तो 04 अगस्त को सुबह 10 बजे विकास भवन सभागार में उपस्थित होकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि दिव्यांगजन अपने साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड एवं समस्या से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज अवश्य लेकर आएं, ताकि उनकी समस्याओं का मौके पर ही प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जा सके।

