यज्ञ में महिलाओं के गले से चेन उड़ाने वाला गिरोह गिरफ्तार, पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा
बलिया। फेफना थाना पुलिस ने यज्ञ कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के गले से सोने-चांदी की चेन चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन, चांदी की चेन और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को ग्राम मिड्ढा स्थित सदाफल आश्रम में आयोजित यज्ञ में शामिल होने आई महिलाओं के गले से अज्ञात महिलाओं द्वारा सोने की चेन, लॉकेट और चांदी की चेन काटकर चोरी कर ली गई थी। पीड़िता की तहरीर पर थाना फेफना में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मिठवार मोड़ के पास से पाली उर्फ पल्लवी, सीमा, सुनीता, सुनीता तथा आकाश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी आजमगढ़ और मऊ जनपद के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक सोने की चेन मय लॉकेट, एक चांदी की चेन तथा 600 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार गिरोह धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाकर महिलाओं के आभूषण चोरी करता था। मामले में अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।



