गंगा कटान पर मंत्री का घेराव, ब्यासी की महिलाओं ने रोकी गाड़ी, बोलीं—अब आश्वासन नहीं, स्थायी समाधान चाहिए
बलिया। गंगा कटान से तबाह हो रहे ब्यासी गांव में रविवार को उस समय विरोध के स्वर तेज हो गए, जब उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह कटान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे। वर्षों से गंगा के कटान की मार झेल रही ग्रामीण महिलाओं ने मंत्री का काफिला रोककर उनका घेराव किया और स्थायी कटान रोधी कार्य की मांग को लेकर जमकर नाराजगी जताई।
ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि हर वर्ष गंगा की धारा खेत, मकान और रोज़गार को निगल रही है। इसके बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से केवल आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन स्थायी सुरक्षा के लिए कोई ठोस योजना धरातल पर दिखाई नहीं देती। महिलाओं ने मंत्री से कहा कि अब केवल वादों से भरोसा नहीं होगा, बल्कि कटान रोकने के लिए समयबद्ध और स्थायी कार्य शुरू कराया जाए।
विरोध के दौरान कुछ देर के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद मंत्री ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिया।
बता दें कि बलिया के गंगा तटवर्ती दर्जनों गांव हर साल कटान की चपेट में आते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हर वर्ष अस्थायी बचाव कार्यों पर सरकारी धन खर्च होता है, लेकिन स्थायी परियोजना के अभाव में गंगा लगातार आबादी और कृषि भूमि को निगल रही है। यही वजह है कि अब लोगों का सब्र जवाब देने लगा है और वे स्थायी समाधान की मांग को लेकर मुखर हो गए हैं।