हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया वारदात में प्रयुक्त डंडा
बलिया। जनपद की गड़वार थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार थाना गड़वार में दर्ज मुकदमा संख्या 196/2026 में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत दर्ज मामले में राजन गुप्ता एवं राहुल गुप्ता, दोनों निवासी ग्राम खड़ीचा, थाना गड़वार, वांछित चल रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सोमवार को दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक डंडा भी बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर/सदर सतीश शर्मा एवं थानाध्यक्ष हितेश कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत की गई।