मारपीट और जानलेवा हमले के आरोपी को कोतवाली पुलिस ने दबोचा
बलिया। कोतवाली पुलिस ने मारपीट एवं जानलेवा हमले के एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी काफी समय से फरार था और उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा तथा क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मालगोदाम रोड से शिवम वर्मा (28 वर्ष) पुत्र अनिल उर्फ मंगरु वर्मा, निवासी गौशाला रोड, थाना कोतवाली, जनपद बलिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 159/2026 धारा 115(2), 352, 351(3) एवं 118(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।

