अपहृत युवती मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, बिहार से दबोचा गया अभियुक्त
बलिया। जनपद के थाना पकड़ी पुलिस ने अपहरण के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले में नामजद अभियुक्त को मुखबिर की सूचना पर दबोच लिया गया, जबकि अपहृत युवती को पहले ही सकुशल बरामद कर लिया गया था।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर राकेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना पकड़ी पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान लंबित विवेचना एवं अभियुक्त की तलाश के क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि मामले का आरोपी सहरोजा गांव के पास नहर पुलिया तिराहे के निकट मौजूद है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर विश्वजीत सिंह (26 वर्ष) पुत्र हरिन्द्र सिंह, निवासी ग्राम अदमापुर, थाना रघुनाथपुर, जिला सिवान (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना पकड़ी में दर्ज मुकदमा संख्या 58/25 में धारा 137(2) एवं 87 बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया गया है। वहीं, मामले में अपहृत युवती को पूर्व में ही सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा जा चुका है।

