25 हजार का इनामी गैंगस्टर दबोचा, लंबे समय से पुलिस को दे रहा था चकमा
बलिया। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश जगदीश ठाकुर उर्फ गुड्डु को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार के नेतृत्व में नगरा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा की टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भीमपुरा थाना क्षेत्र के चरऊवा गांव स्थित उसके घर पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी जगदीश ठाकुर उर्फ गुड्डु (37 वर्ष) के विरुद्ध थाना नगरा में धारा 2/3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया।



