पीएचसी चिलकहर में गूंजी किलकारियां, नवजात बेटियों का हुआ सम्मान
बलिया। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिलकहर में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत नवजात बालिकाओं के सम्मान में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जन्मी बेटियों और उनकी माताओं का सम्मान कर उन्हें बेबी किट, नवजात शिशु के कपड़े, डायपर, मच्छरदानी, मिष्ठान और जलपान वितरित किया गया।
यह आयोजन जिलाधिकारी मंगला प्रसाद के निर्देश तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन के मार्गदर्शन में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ वीमेन (HEW) के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान परिवारों को बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा तथा सरकार की विभिन्न महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बेटियों के सम्मान, शिक्षा और सशक्तिकरण का संदेश देते हुए कहा कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशान्त कुमार, बीसीपीएम मिथलेश कुमार, बीपीएम रिंकू सिंह, डीएमसी अंजली सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट निकिता सिंह, पूनम राजभर, स्टाफ नर्स, एएनएम, आशा कार्यकर्ता तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

