50 हजार के ऋण ने बदली तकदीर, अब 40 लोगों को दे रहीं रोजगार
बलिया। की एक साधारण गृहणी ने मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना का लाभ लेकर सफलता की ऐसी मिसाल पेश की है, जो आज कई लोगों के लिए प्रेरणा बन गई है। विशुनपुरा (मानिकपुर) निवासी पद्मावती देवी ने योजना के तहत मिले महज 50 हजार रुपये के ऋण से अपना छोटा कारोबार शुरू किया और आज वह 40 लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रही हैं।
पहले पद्मावती देवी अपने पति राजकुमार प्रजापति के साथ सीमित संसाधनों में मिट्टी के बर्तन बनाती थीं। वर्ष 2020-21 में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना का लाभ मिलने के बाद उन्होंने कारोबार का विस्तार किया। वर्तमान में उनके उद्यम में 15 मशीनें संचालित हो रही हैं, जिनसे दीये, कुल्हड़, गमले और अन्य सजावटी मिट्टी के उत्पाद तैयार किए जाते हैं।
उनके उत्पाद अब केवल बलिया ही नहीं, बल्कि देवरिया, मऊ समेत अन्य जिलों में भी भेजे जा रहे हैं। हाल ही में आयोजित स्वदेशी मेला 2025-26 में उनके स्टॉल को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सराहा, जिसके बाद उन्हें कई नए ऑर्डर भी मिले।
पद्मावती देवी ने अपनी सफलता का श्रेय उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड और मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना को देते हुए कहा कि इस योजना ने न केवल उनके परिवार को आत्मनिर्भर बनाया, बल्कि दर्जनों लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित किए।

