जिले मे जंक्शन केंद्रों के लिए चयन प्रक्रिया शुरू, 22 जुलाई को होगी स्क्रूटनी
बलिया। वित्तीय वर्ष 2026-27 में एग्री जंक्शन केंद्रों की स्थापना के लिए प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी 22 जुलाई को विकास भवन स्थित सभागार में होगी। इस संबंध में उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह ने सभी आवेदकों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति 22 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे आवेदन पत्रों और अभिलेखों का परीक्षण करेगी। चयन प्रक्रिया के दौरान आवेदकों को अपने शैक्षिक मूल अंकपत्र, प्रमाण पत्र, आधार कार्ड अथवा अन्य पहचान पत्र सहित सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि दस्तावेजों के सत्यापन के बाद समिति गुण-दोष के आधार पर पात्र लाभार्थियों का चयन करेगी। उन्होंने कहा कि मूल अभिलेखों के बिना उपस्थित होने वाले आवेदकों की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, इसलिए सभी आवेदक समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों।
