बिहार से यूपी में अवैध खनिज परिवहन करने वालों पर कार्रवाई, 60 वाहन पकड़े
बलिया। बिहार से उत्तर प्रदेश की सीमा में बिना वैध परिवहन प्रपत्र के खनिज लाने वाले वाहनों के खिलाफ बलिया में खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। 6 से 8 अक्टूबर तक चलाए गए विशेष अभियान में करीब 500 वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 60 वाहन पकड़े गए। इन पर कुल 30,51,760 रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जिसे मौके पर ही जमा करा लिया गया।
उत्तर प्रदेश शासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला खनन अधिकारी सौरभ कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में मौरंग, गिट्टी समेत अन्य उपखनिजों के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। विशेष रूप से बिहार से यूपी में प्रवेश करने वाले वाहनों पर निगरानी रखी गई। जांच के दौरान वैध अंतरराज्यीय परिवहन प्रपत्र (आईएसटीपी) के बिना खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
जिला खनन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि आवश्यक प्रपत्रों के बिना खनिज परिवहन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाना और राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।



