घर-घर दस्तक देगा स्वास्थ्य विभाग, संचारी रोगों पर होगी निगरानी ,12 से 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, बुखार से लेकर कुपोषण तक की बनेगी सूची
बलिया। संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर जिले में विशेष अभियान शुरू हो गया है। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय नारायण राय और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार यादव ने जिला अस्पताल परिसर से अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान शपथ कार्यक्रम के साथ जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे जिलाधिकारी और सीएमओ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि अस्वच्छता अनेक बीमारियों की प्रमुख वजह है। लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
सीएमओ ने बताया कि अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर रहेगा। वहीं, वेक्टर बॉर्न रोगों के नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक मिश्रा के अनुसार 12 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले दस्तक अभियान में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचेंगी।
अभियान के दौरान डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जेई, एईएस और आईएलआई के लक्षण वाले मरीजों की पहचान की जाएगी। इसके अलावा टीबी, फाइलेरिया, कालाजार, कुष्ठ रोग के संभावित लक्षण वाले लोगों तथा कुपोषित बच्चों का विवरण भी जुटाया जाएगा।
चिन्हित लोगों का नाम, पता और मोबाइल नंबर सहित विवरण ई-कवच पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। ऐसे घरों की भी सूची तैयार होगी, जहां मच्छरों का प्रजनन पाया जाएगा।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, दिव्यांगजन कल्याण, कृषि एवं सिंचाई समेत अन्य विभाग समन्वय से काम करेंगे।



