डीएम कार्यालय में अब बनेगा बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड, 70+ उम्र वालों के लिए विशेष कैंप शुरू
बलिया। 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए अब इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी। जिला प्रशासन ने जिलाधिकारी कार्यालय में विशेष कैंप शुरू किया है, जहां पात्र बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्ग, आय की परवाह किए बिना, आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा के पात्र हैं।
कार्ड बनवाने के लिए बुजुर्गों को आधार कार्ड लेकर डीएम कार्यालय पहुंचना होगा। कार्ड बनने के बाद योजना से जुड़े सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचार की सुविधा प्राप्त की जा सकेगी।
जिला प्रशासन ने पात्र बुजुर्गों से अपील की है कि वे कैंप में पहुंचकर जल्द अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं और योजना का लाभ उठाएं।


