माता-पिता का साया उठा तो 19 वर्षीय खुशबू ने संभाला परिवार, डीएम ने बढ़ाया मदद का हाथ
बलिया। माता-पिता के निधन के बाद चार छोटे भाई-बहनों की जिम्मेदारी संभाल रही 19 वर्षीय खुशबू प्रसाद की स्थिति की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मामले का संज्ञान लिया। डीएम ने खुशबू को बुलाकर उसकी समस्याएं सुनीं और परिवार को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
नगर पंचायत मनियर के वार्ड नंबर-13 निवासी खुशबू ने बताया कि उसके पिता वीरेंद्र गोंड और माता रंजू देवी का निधन हो चुका है। परिवार में उसकी दो छोटी बहनें खुशी (16) और सुधानी (11) तथा भाई आदित्य (14) हैं। माता-पिता के बाद चारों भाई-बहनों की जिम्मेदारी खुशबू के कंधों पर आ गई।
खुशबू को करीब दो माह पहले नगर पंचायत मनियर में आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम मिला है। उसकी स्थिति जानने के बाद डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों बहनों और भाई को कक्षा 12 तक निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाए।
इसके अलावा परिवार को अंत्योदय राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा बच्चों के लिए दो साइकिल दिलाने के निर्देश दिए गए। परिवार को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से लाभान्वित कराने को भी कहा गया।
प्रशासन की ओर से परिवार के लिए शौचालय की व्यवस्था की गई है, जबकि खुशबू के घर तक पहुंचने वाले सड़क मार्ग का निर्माण भी कराया गया है। डीएम की पहल के बाद अनाथ भाई-बहनों को शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।



