राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार को निकली बाइक रैली, 12 सितंबर को होगा मामलों का त्वरित निस्तारण
बलिया। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बुधवार को जनजागरूकता अभियान शुरू किया। दीवानी न्यायालय परिसर से जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनिल कुमार झा ने प्रचार वाहन और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण, न्यायालय कर्मचारी, पैरालीगल वालंटियर्स एवं सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। प्रचार वाहन जिले की विभिन्न तहसीलों और प्रमुख क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को लोक अदालत के लाभ और निस्तारण योग्य मामलों की जानकारी देगा।
लोक अदालत में चेक बाउंस, बिजली-टेलीफोन बिल, टैक्स, पारिवारिक एवं जमीनी विवाद, जुर्माने से दंडनीय मामले तथा सुलह योग्य फौजदारी मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जा सकता है। इससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने लंबित अथवा सुलह योग्य मामलों को 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत कर सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय का लाभ उठाएं।

