कोर्ट के आदेश पर पॉक्सो आरोपी के घर पहुंची पुलिस, ढोल बजाकर कराई मुनादी
बलिया। न्यायालय के आदेश की अनदेखी कर फरार चल रहे पॉक्सो एक्ट के आरोपी के खिलाफ मनियर पुलिस ने रविवार को सख्त कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर ढोल बजवाकर मुनादी कराई और 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा नोटिस चस्पा किया।
मनियर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 102/25 में आरोपी अजय कुमार उपाध्याय पुत्र अभय नारायण उपाध्याय, निवासी उत्तर टोला मनियर के खिलाफ धारा 64(1), 352, 351(2) बीएनएस, 67 आईटी एक्ट तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
माननीय एएसजे-8/पॉक्सो एक्ट न्यायालय, बलिया के आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची। गवाहों की मौजूदगी में न्यायालय से जारी उद्घोषणा आदेश की प्रति घर पर चस्पा की गई। इसके साथ ही थाना क्षेत्र के अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी नोटिस चस्पा कर ढोल बजाकर सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई गई।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को न्यायालय के आदेश की जानकारी दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी के विरुद्ध न्यायालय के आदेश के क्रम में यह उद्घोषणा की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र एवं थानाध्यक्ष मनियर अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।



