स्कूली बच्चों से भोजन परोसवाने पर बड़ी कार्रवाई, प्रधानाध्यापक निलंबित, अनुदेशक की सेवा समाप्त
बलिया। जनपद के सियर कंपोजिट विद्यालय में स्कूली बच्चों से मध्याह्न भोजन परोसवाने का वीडियो सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले की जांच के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है।
बीएसए ने बताया कि प्रधानाध्यापक किरन देवी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है, जबकि अनुदेशक निर्मला भारती की सेवा समाप्त कर दी गई है। इसके साथ ही विद्यालय के अन्य सात शिक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) दी गई है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित वीडियो प्रधानाध्यापक को ब्लैकमेल करने की मंशा से बनाया गया था। इसके बावजूद विभाग ने बच्चों से कार्य कराए जाने को गंभीर लापरवाही मानते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
बीएसए मनीष कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों से किसी भी प्रकार का कार्य कराना शासन के निर्देशों के विपरीत है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी विद्यालयों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



