घोंघा चट्टी से शराब की दुकान हटाने की मांग, महिलाओं ने चक्का जाम की दी चेतावनी
बलिया। घोंघा चट्टी के ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर हनुमान मंदिर के बगल में संचालित सरकारी देशी शराब की दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब की दुकान धार्मिक स्थल, शिक्षण संस्थान और मुख्य बाजार के बीच संचालित होने से सामाजिक और धार्मिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि दुकान के आसपास प्राचीन शिव मंदिर, आर.एन.सी. महाविद्यालय, ब्रह्म आश्रम तथा मुख्य बाजार स्थित हैं। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाओं, छात्राओं और श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। ऐसे में शराब की दुकान के कारण उन्हें असहजता और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जनहित, धार्मिक आस्था और महिलाओं की सुरक्षा का हवाला देते हुए आबकारी विभाग से शराब की दुकान को उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी सड़क पर उतरकर चक्का जाम करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
