सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में डीएम सख्त, खराब रैंकिंग पर अधिकारियों को लगाई फटकार
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों का जायजा लिया। खराब रैंकिंग पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तीन दिन के भीतर विभागों की रैंकिंग ‘ए’ श्रेणी में लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना व आईसीडीएस की रैंकिंग ‘सी’, लोक निर्माण विभाग की सड़क निर्माण रैंकिंग ‘डी’ तथा मंडी और स्टांप-बैनामा की रैंकिंग भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर डीएम ने अधिकारियों को कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों की लंबित परियोजनाओं की समीक्षा भी की गई। सिंचाई, पर्यटन, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम, यूपीपीसीएल, आवास विकास परिषद, सिडको तथा पुलिस आवास निगम की कई परियोजनाएं अधूरी मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी गुलशन जी, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय कुमार राय सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


