फर्जी प्रमाणपत्र से शिक्षक बना सहायक अध्यापक, मुकदमा दर्ज; गिरफ्तारी को पुलिस की दबिश
बलिया। फर्जी शैक्षिक अभिलेखों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के आरोप में कंपोजिट विद्यालय बेलसड़ी (शिक्षा क्षेत्र नवानगर) के बर्खास्त सहायक अध्यापक शिवनाथ यादव के खिलाफ नगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी है।
शिक्षा विभाग की जांच में नियुक्ति के समय प्रस्तुत किए गए शैक्षिक एवं अन्य अभिलेख संदिग्ध पाए गए थे। विस्तृत सत्यापन में दस्तावेज कूटरचित होने की पुष्टि होने पर तत्कालीन बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह ने 28 अप्रैल को शिक्षक की सेवा समाप्त कर दी थी।
खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी पाने वालों के खिलाफ विभाग सख्त है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


