घर में चोरी के बाद विरोध करने पर मारपीट, आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर चोरी करने और विरोध करने पर मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी के एक जोड़ी कान के कुंडल और 1,160 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को एक ग्रामीण ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके गांव का ही एक युवक दिनदहाड़े उसके घर में घुसकर गहने और नकदी चुरा रहा था। शोर मचाने और पकड़ने की कोशिश करने पर आरोपी ने मारपीट की और मौके से फरार हो गया।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर भीमपुरा पुलिस ने सोनू गौड़ निवासी मोहम्मदपुर को सतुहाड़ी नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।



