तड़के सड़क पर मौत का मंजर, आम बीनने उमड़ी भीड़
बलिया। नगरा-भीमपुरा मार्ग पर इंगिलिशिया चट्टी के पास रविवार तड़के तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। आम से लदी पिकअप और ट्रेलर की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में पिकअप चालक, खलासी और ट्रेलर चालक घायल हो गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में लदे आम सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और बच्चे मौके पर पहुंच गए और सड़क पर फैले आमों को उठाने लगे। कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों की पहचान पिकअप चालक गोरख मुहम्मद, खलासी शिवशंकर (सिकंदरपुर) और ट्रेलर चालक बृजेश कुमार (कानपुर) के रूप में हुई। तीनों को नगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान ट्रेलर चालक अस्पताल से ही फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार ट्रेलरों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि भारी वाहन लगातार छोटे वाहनों के लिए खतरा बने हुए हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्ती करने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।



