समाधान दिवस में पहुंचे डीएम-एसपी, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर सख्त निर्देश
बलिया। तहसील बैरिया में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान पर जोर दिया।
जनसुनवाई के दौरान कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण करने के बजाय गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वहीं एसपी ने महिला अपराध से संबंधित शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा में पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि पीड़ितों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


