कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने कसी कमर, एएसपी उत्तरी ने परखी तैयारियां
बलिया। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने हल्दी, तुर्तीपार और बेल्थरारोड घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा इंतजाम, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। नदी में मजबूत बैरिकेडिंग कराने, गोताखोरों, जल पुलिस और नावों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एएसपी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन, यातायात प्रबंधन, खोया-पाया केंद्र और पुलिस सहायता बूथ स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि स्नान पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।


