ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा पर डीएम की नजर, सातों विधानसभा क्षेत्रों का किया निरीक्षण
बलिया। आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं को लेकर प्रशासन ने ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहनता से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के लिए बनाए गए वेयरहाउस का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और रिकॉर्डिंग सिस्टम की जानकारी ली। साथ ही लॉगबुक का अवलोकन कर अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति भी जांची।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
इस दौरान जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को फार्म-6, 7 एवं 8 का वितरण भी किया। निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अख्तर हसन सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



