छठ महापर्व पर पूरी रात मुस्तैद रहा प्रशासन, डीएम-एसपी ने घाटों पर पहुंचकर संभाली व्यवस्था
बलिया। छठ महापर्व के अवसर पर सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा पूरी रात भ्रमणशील रहे। दोनों अधिकारियों ने थाना कोतवाली क्षेत्र के महावीर घाट सहित जनपद के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने घाटों एवं नदी क्षेत्र की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की भीड़, आवागमन और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए छठ पूजा एवं प्रातःकालीन अर्घ्य को सकुशल संपन्न कराया गया। जनपद पुलिस पूरी रात घाटों पर मुस्तैद रही, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।




