काल बनकर आई तेज रफ्तार कार, पेड़ से टकराकर चार युवकों की मौत
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के नेछुआडीह के पास शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। वोक्सवैगन वर्टस कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। कार में चार युवक सवार थे। हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर घायलों को उपचार के लिए मऊ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोलू ठाकुर (21), कुनाल पासवान (24), धनंजय पटेल (26) और अभिषेक पटेल (27) के रूप में हुई है। इनमें तीन युवक नगरा थाना क्षेत्र के गौआपार गांव तथा एक युवक जमुआव का निवासी था।
एक ही हादसे में चार युवकों की मौत की खबर से गांवों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था सामान्य है।



