बलिया के माल्देपुर घाट पर बड़ा हादसा, गंगा में डूबे दो युवक
बलिया के फेफना थाना क्षेत्र स्थित माल्देपुर गंगा घाट पर शनिवार शाम स्नान करने पहुंचे दो युवक गहरे पानी में डूब गए। दोनों की उम्र करीब 18 से 20 वर्ष बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि नहाते समय वीडियो बनाने के दौरान एक युवक का पैर फिसल गया। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा युवक भी नदी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय गोताखोर और पीएसी की फ्लड प्लाटून रेस्क्यू अभियान में जुट गई। एनडीआरएफ को भी सूचना दी गई है।
पुलिस अधीक्षक बलिया डॉ. ईराज राजा ने बताया कि दोनों युवकों की तलाश के लिए रोशनी की व्यवस्था कर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।



