राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता: सेमीफाइनल में पहुंची चार टीमें, यूपी का जलवा
बलिया। वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता के चौथे दिन रोमांचक मुकाबलों के बाद उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पंजाब और झारखंड की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। अंडर-17 बालक वर्ग में मेजबान उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात को 1-0 से शिकस्त देकर खिताबी दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।
बृहस्पतिवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश और गुजरात के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच के 27वें मिनट में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी रहमान ने शानदार गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद गुजरात की टीम ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन यूपी की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उसकी एक न चली। अंततः मेजबान टीम ने 1-0 से मुकाबला अपने नाम कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में पश्चिम बंगाल ने दिल्ली को 2-0, पंजाब ने केंद्रीय विद्यालय को 3-0 और झारखंड ने असम को 4-1 से पराजित किया। इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में पश्चिम बंगाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, केंद्रीय विद्यालय, झारखंड और असम की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई थी।
अब शुक्रवार को पहले सेमीफाइनल में मेजबान उत्तर प्रदेश का मुकाबला पश्चिम बंगाल से वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पंजाब और झारखंड की टीमें मिनी स्टेडियम शेर में आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह 11 बजे खेला जाएगा।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ डॉ. राजेश आर्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रतियोगिता में निर्णायक, क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव, प्रतियोगिता समन्वयक दिनेश कुमार सिंह, सह समन्वयक अरविंद कुमार सिंह सहित आयोजन से जुड़े विभिन्न अधिकारी, तकनीकी टीम के सदस्य और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

