ददरी मेले और कार्तिक पूर्णिमा स्नान की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने दिए निर्देश
बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेला और कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें मेले और स्नान पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीएम ने बताया कि 17 नवंबर को ददरी मेले का भूमि पूजन होगा। पशु मेला 9 से 30 नवंबर तक आयोजित होगा, जबकि 23 और 24 नवंबर को शिवपुर घाट पर कार्तिक पूर्णिमा का स्नान होगा। मीना बाजार 24 नवंबर से 20 दिसंबर तक लगेगा।
स्नान पर्व के मद्देनजर महावीर घाट से पीडब्ल्यूडी स्टोर तक पार्किंग बनाने तथा वहां से शवदाह गृह और स्नान घाट तक श्रद्धालुओं के आवागमन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। घाट पर प्रकाश, पेयजल, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग और पर्याप्त नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
ददरी मेले के प्रचार के लिए बिहार बॉर्डर पर होर्डिंग लगाने और शहर की एलईडी स्क्रीन पर प्रचार कराने के निर्देश दिए गए। मेला परिसर में चार स्थानों पर पार्किंग, थाना एवं पुलिस चौकी के लिए स्थान चिह्नित करने तथा 89 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने को कहा गया। डीएम ने राष्ट्रीय स्तर के पत्रकारों और पर्यटकों को आमंत्रित कर मेले को व्यापक पहचान दिलाने पर भी जोर दिया।
मेले में भारतेंदु मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी। इसमें 30 नवंबर को दंगल, 1 से 5 दिसंबर तक खेल प्रतियोगिताएं, 5 दिसंबर को भक्ति नाइट्स, 8 दिसंबर को म्यूजिक नाइट्स, 11 दिसंबर को भोजपुरी नाइट्स, 13 दिसंबर को संत समागम, 15 दिसंबर को बॉलीवुड नाइट्स, 17 दिसंबर को कवि सम्मेलन और 19 दिसंबर को कव्वाली का आयोजन होगा।
बैठक में सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


