मोबाइल टावर से 21 हजार रुपये का केबल चोरी करते युवक गिरफ्तार
बलिया। बांसडीह थाना क्षेत्र के केवरा स्थित मोबाइल टावर से पावर केबल चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी टावर के अंदर घुसकर केबल काटकर ले जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान शोर मचने पर स्थानीय लोगों की मदद से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का 24 मीटर केबल, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, घटना 1 नवंबर 2026 की दोपहर करीब दो बजे की है। केवरा स्थित इंडस टावर पर तैनात सुशील कुमार सिंह ने बांसडीह थाने में लिखित शिकायत देकर बताया कि एक व्यक्ति टावर परिसर में घुसकर पावर केबल काट रहा था। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से आरोपी को पकड़ लिया गया।
मौके पर पकड़े गए युवक के पास से करीब 24 मीटर पावर केबल बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 21 हजार रुपये बताई गई है। तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल संख्या UP 60 AL 4093 भी बरामद की गई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान नदीम अख्तर पुत्र अजाबुद्दीन अंसारी, निवासी एकवारी खास, थाना फेफना, जनपद बलिया के रूप में हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 0336/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया।
बांसडीह पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



