30 विभागों के स्टॉल, एक मंच पर सरकारी योजनाओं की जानकारी; दिव्यांगों को मिली ट्राईसाइकिल
बलिया में मेगा विधिक सहायता शिविर का आयोजन, जनपद न्यायाधीश ने लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र
बलिया। समाज के जरूरतमंद, गरीब और वंचित वर्गों को न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित गंगा बहुउद्देशीय सभागार में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 30 विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार झा ने दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया की ओर से आयोजित शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष अनिल कुमार झा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
शिविर में जनपद न्यायाधीश ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों को न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण से संपर्क करने की अपील की।
कार्यक्रम में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन, विश्वकर्मा सम्मान योजना, किसान कल्याण और दिव्यांगजन सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में लोगों को बताया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने कहा कि शिविर के माध्यम से आमजन को सुलभ, निःशुल्क एवं त्वरित न्याय की जानकारी देने के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे आयोजन जरूरतमंदों को उनके अधिकारों और सरकारी सुविधाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम पुनीत कुमार गुप्ता, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो प्रथमकान्त, अपर प्रधान न्यायाधीश कमलापति, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैलेश पाण्डेय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन ने किया।



