जिला अस्पताल में बदहाल व्यवस्था देख भड़के डीएम, स्ट्रेचर की कमी पर लगाई फटकार
मरीजों को फल बांटकर जाना हाल, बेडशीट बदलने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
बलिया। जिला अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शनिवार को नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान खराब स्ट्रेचर देखकर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए और उनसे बातचीत कर इलाज तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वार्डों का निरीक्षण करते हुए बेडशीट की स्थिति देखी और नियमित रूप से बेडशीट बदलने के साथ साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।
जिलाधिकारी ने सीएमओ डॉ. अभय कुमार राय को अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।



