एक नवंबर को बलिया में लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर
जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार झा ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी
बलिया। आमजन को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करने के लिए शुक्रवार को दीवानी न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन रवाना किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनिल कुमार झा ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया की ओर से एक नवंबर 2026 को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। प्रचार वाहन जिले की सभी तहसीलों और विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को शिविर की जानकारी देगा।
शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, श्रमिक पेंशन, विश्वकर्मा सम्मान योजना, किसान कल्याण योजनाओं तथा दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी और पात्र लोगों को लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। इसमें महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों, निर्धन व्यक्तियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही पात्र लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि शिविर एक नवंबर, रविवार को सुबह 10 बजे गंगा बहुउद्देशीय सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर, बलिया में आयोजित होगा। उन्होंने जनपदवासियों से शिविर में पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और विधिक सहायता सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश, अपर जनपद न्यायाधीश, न्यायिक मजिस्ट्रेट, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी, पैरालीगल वॉलंटियर्स सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



