युवती के लापता होने के मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार, नगरा पुलिस की कार्रवाई
बलिया। नगरा थाना पुलिस ने युवती के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में वांछित युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को सोनापाली मोड़ स्थित उदय वाटिका के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में 10 अक्टूबर 2026 को युवती के पिता ने नगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी 22 वर्षीय पुत्री 6 अक्टूबर की रात घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अगले दिन रमेश अपने दो अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचा और अपने बेटे दीपक के बारे में पूछताछ करने लगा। इसके बाद युवती के पिता ने दीपक पर अपनी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 197/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 में मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 64(1) और 351(3) की भी बढ़ोतरी की गई।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को उपनिरीक्षक संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने सोनापाली मोड़ स्थित उदय वाटिका के पास से आरोपी दीपक पुत्र रमेश, निवासी तियरा हैदरपुर, थाना नगरा, जनपद बलिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना के आधार पर की जाएगी।



