बलात्कार व पॉक्सो एक्ट के मामले में बक्सर का आरोपी गिरफ्तार
बलिया। बलिया कोतवाली पुलिस ने बलात्कार और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश तिवारी उर्फ राजा (31) पुत्र विजय शंकर तिवारी, निवासी पड़णी, थाना सिमरी, जिला बक्सर, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने न्यायालय में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 173(4) के तहत प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी बड़ी बहन की शादी करीब डेढ़ से दो वर्ष पहले बिहार के बक्सर जिले के आशा पड़री निवासी आशीष तिवारी से हुई थी। पीड़िता अपनी बहन के ससुराल कई बार जा चुकी थी, जहां उसकी बहन का देवर मुकेश तिवारी उर्फ राजा अक्सर उससे मजाक करता था।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 4 फरवरी 2025 को मुकेश तिवारी शाम करीब पांच बजे उसके घर आया और बहाना बनाकर रात में रुक गया। रात में परिवार के सभी सदस्यों के सो जाने के बाद आरोपी उसके कमरे में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 390/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, मामले की विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक नितेश कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ आरोपी की तलाश में जुटे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिहार के पटना स्थित मीठापुर बस स्टेशन के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान वहां घूमते हुए दिखाई दिए आरोपी मुकेश तिवारी उर्फ राजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी 27 अक्टूबर 2026 को रात करीब 9:30 बजे की गई। इसके बाद उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।



